हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों से पक्षाघात की बीमारी से जूझ रही एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर हत्या का आरोप लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम कराया है। छोटे भाई की इस हरकत से पूरे गांव के लोग उससे बेहद खफा हैं।
सहादतनगर निवासी रामपाल की करीब 20 साल पहले मौत हो चुकी है। पिता की मौत के बाद संपत्ति के बंटवारा में उनके चार बेटों में से दो अलग रहने लगे। जबकि दो बेटे, अवनीश कुमार और उससे छोटा रमेश कुमार, गांव में ही पास पड़ोस में मकान बनाकर रहते हैं। रामपाल की पत्नी राजवती (70) को करीब पांच साल पहले पैरालिसिस का अटैक पड़ा था।
बीमारी के बाद से ही वह पूरी तरह लाचार होकर बड़े बेटे अवनीश के घर पर रहती थीं। शनिवार को राजवती की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही रमेश वहां पहुंचा और बड़े भाई पर मां की हत्या का आरोप लगाया। रमेश ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। कोतवली अरंविद कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।