हरदोई। मेडिकल कॉलेज में मरीजों का एक्सरे भले ही डिजिटल मशीन से हो रहा है, लेकिन एक्सरे फिल्म सभी मरीजों को नहीं मिल पा रही है। मरीजों का एक्सरे कराने के बाद मोबाइल पर ही फोटो लेनी पड़ रही है।
एक्सरे फिल्म की कमी का हवाला देकर कर्मचारी सिर्फ भर्ती और इमरजेंसी मरीजों को ही फिल्म दे रहे हैं, जबकि जनरल मरीजों को मोबाइल पर फोटो देकर चलता कर देते हैं। मरीजों की सहूलियत के लिए मेडिकल कॉलेज में भले ही तमाम व्यवस्थाएं की गईं हों लेकिन फायदा मरीजों को नहीं मिल पा रहा है।
डिजिटल मशीन न होने से अभी तक पोर्टेबल मशीन से एक्सरे कराए जा रहे थे। पोर्टेबल मशीन से एक्सरे कराने के बाद मरीजों को मोबाइल पर ही फोटो लेना पड़ रहा है। वही परिपाटी अब डिजिटल एक्सरे मशीन दोबारा शुरू होने के बाद भी बनी हुई है। डिजिटल एक्सरे मशीन चालू हो जाने के बावजूद मरीजों को मोबाइल पर ही फोटो लेने के लिए मजबूर किया जाता है।
सभी को डिजिटल एक्सरे की फिल्म नहीं मिल रही है। एक्सरे की फिल्म अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों और इमरजेंसी के मरीजों को दी जा रही है। एक्सरे कक्ष के प्रभारी आशीष शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकता पर भर्ती और इमरजेंसी मरीजों को रखा गया है, इसलिए उन्हें फिल्म दे रहे हैं लेकिन जनरल मरीजों को फिल्म नहीं दी जा रही है।