संवाद न्यूज एजेंसी
बेहटा गोकुल। घर में एक चिट्ठी छोड़ थाना क्षेत्र के एक गांव से संदिग्ध हालात में किशोरी (15) लापता हो गई। चिट्ठी में जो कुछ लिखा था उसे पढ़कर परिजनों के हाथ पैर फूल गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
सीओ हरपालपुर शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में चार पुलिस टीमें किशोरी को खोजने में लगाई गईं। परिजनों की तहरीर पर गांव के ही एक युवक पर रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई, लेकिन बुधवार सुबह किशोरी खुद ही घर पहुंच गई। इसका पता चलने पर पुलिस ने भी राहत की सांस ली। रात भर किशोरी गांव में ही एक खेत में छिपी रही थी।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी शख्स की दो बेटियां हैं। इनमें से एक कक्षा नौ की छात्रा है। मंगलवार को वह घर से बिना कुछ बताए चली गई। परिजनों को घर में ही बेटी की लिखी एक चिट्ठी मिली। चिट्ठी में लिखा था कि घर छोड़कर जा रहे हैं। कभी आपको अपना चेहरा नहीं दिखाएंगे। हमें ढूंढने की कोशिश मत करना।
कुछ अन्य बातों के साथ लिखा है कि हो सके तो हमे माफ करदेना। हम आज से आप लोगों के लिए मर गए हैं और आज से आपकी एक ही बेटी है। चिट्ठी पढ़कर सकते में आए परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। सीओ हरपालपु के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक का हरदोई से शाहाबाद तक का हिस्सा पुलिस की निगरानी में आ गया। इसी बीच परिजनों ने पुलिस को एक युवक पर शक जताते हुए तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवक से पूछताछ की, लेकिन बुधवार सुबह किशोरी खुद ही घर पहुंच गई। (संवाद)