हरदोई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक बुधवार को नघेटा रोड स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। बैठक के दौरान गठबंधन प्रत्याशी के लिए एकजुट होकर हर बूथ पर जाकर भाजपा की हकीकत बताने की बात तय हुई। कांग्रेस का गारंटी कार्ड हर घर तक पहुंचाने की रूपरेखा भी बनाई गई।
जिला कार्यालय में हुई बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष सिंह सोमवंशी ने कहा कि जनता में महंगाई और बेरोजगारी थोपने वाली भाजपा सरकार के खिलाफ रोष है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में जो वायदे किए हैं उन्हें सरकार बनने पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र यानी कांग्रेस का गारंटी कार्ड घर घर तक पहुंचाया जाएगा। शहर अध्यक्ष जमील अहमद अंसारी ने कहा कि कांग्रेस की गारंटी को जनता पक्की बात मानती है क्योंकि विपक्षियों की दस साल की सरकार में हकीकत सबको पता चल चुकी है। जिला उपाध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि नफरतवादी ताकतों को सत्ता से बाहर करने के लिए जनता तैयार है। बैठक को नेतम भारतीय, अरविंद शुक्ला, युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भुवनेश प्रताप सिंह, महताब अहमद, विनीत वर्मा आदि ने भी संबोधित किया।