हरदोई। जिले के अलग-अलग ब्लॉकों पर बुधवार को ग्राम्य विकास विभाग की ओर से मिशन श्रमिक कल्याण एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। साथ ही श्रमिकों का पंजीयन कर उन्हें प्रमाणपत्र भी बांटे गए।
संडीला ब्लॉक में आयोजित मेले में श्रम विभाग के श्रम अधिकारी व मनरेगा के एपीओ के अलावा किसी कंपनी का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ। मुख्य अतिथि संडीला विधायक राजकुमार अग्रवाल ने इस पर नाराजगी जताई। विधायक राजकुमार अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र सिंह ने मनरेगा के 100 कार्यदिवस पूर्ण करने वाले 25 श्रमिकों को प्रमाणपत्र वितरित किए।
नगर अध्यक्ष महेंद्र कुमार सोनी, उपाध्यक्ष शिवम सिंह व एपीओ आलोक अस्थाना भी मौजूद रहे। माधौगंज ब्लॉक में आयोजित मेले में 350 लोगों ने पंजीकरण कराया। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विधायक आशीष सिंह व विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता अशोक सिंह ने 9 श्रमिकों को प्रमाण्पत्र वितरित किए। कछौना ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष व डीसीबी चेयरमैन विद्याराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
सहायक विकास अधिकारी आरएन पांडेय ने बताया कि पंजीकरण के लिए 48 श्रमिकों ने आवेदन जमा किए हैं। मुख्य अतिथि ने 27 श्रमिकों को प्रमाणपत्र वितरित किए। बिलग्राम में आयोजित रोजगार मेले में भाजपा नेता रामबहादुर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। यहां 10 लोगों को आयुष्मान कार्ड व 20 श्रमिकों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। पिहानी ब्लॉक सभागार में आयोजित मेले में 400 श्रमिकों का पंजीकरण किया गया।
सहायक श्रमायुक्त अर्चना पांडेय व व भाजपा नेता अवधेश रस्तोगी ने सौ दिन का रोजगार पाने वाले 100 श्रमिकों को सम्मानित किया। मल्लावां के ब्लॉक सभागार में आयोजित मेले में विधायक आशीष सिंह आशू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। श्रमिकों को प्रमाणपत्र वितरित किए। यहां प्रभारी बीडीओ प्रमोद सिंह चंद्रोल समेत अन्य लोग मौजूद रहे। भरावन ब्लाक सभागार में आयोजित मेले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सिद्ध प्रताप मौर्य ने 35 आयुष्मान गोल्डन कार्ड एवं श्रमिकों को प्रमाणपत्र वितरित किए।
विकास खंड भरखनी में आयोजित मेले में विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विधायक ने 12 महिला समूहों से चयनित की गई महिलाओं को बिजली का बिल जमा करने के लिए अधिकृत करने पर प्रमाणपत्र सौंपा। 150 मनरेगा श्रमिकों का पंजीकरण भी किया गया।
हरपालपुर में आयोजित मेले में 100 श्रमिकों को प्रमाण पत्र बांटे गए। यहां बीडीओ डॉ. संतोष वर्मा, एडीओ राजीव पांडेय व भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश मिश्रा भी मौजूद रहे।