हरदोई। अवैध शराब के कारोबार की रोकथाम के लिए दिए गए निर्देशों को गंभीरता से न लेना हरपालपुर कोतवाल समेत तीन पुलिस कर्मियों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। सीओ हरपालपुर की रिपोर्ट पर एसपी ने हरपालपुर कोतवाल, हरपालपुर के वरिष्ठ उपनिरीक्षक और एक दीवान को लाइन हाजिर कर दिया है।
जनपद में अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने और पंचायत चुनाव के मद्देनजर सतर्कता बढ़ाने के क्रम में एसपी अनुराग वत्स ने बीते दिनों सभी थाना और कोतवाली क्षेत्रों में अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अधिकांश क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई थी।
एसपी के निर्देशों के बावजूद हरपालपुर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने अवैध शराब के विरुद्ध अभियान में गंभीरता नहीं दिखाई। सीओ हरपालपुर विजेंद्र द्विवेदी ने इस संबंध में गोपनीय रिपोर्ट एसपी अनुराग वत्स को दी थी।
सीओ की रिपोर्ट पर हरपालपुर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नेमपाल सिंह व दीवान रमेश कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि किसी भी अवैध कार्य के विरुद्ध चलाए जाने वाले अभियान में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।