हरदोई। शासन ने गांवों के संपर्क मार्गों को समय से पूरा कराए जाने के लिए धौकलपुर संपर्क मार्ग सहित दो मार्गों के लिए दूसरी किस्त में 78 लाख से अधिक की राशि जारी कर दी है। इससे मार्गों के निर्माण में तेजी आएगी।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड एक की ओर से बनवाए जा रहे सतौथा-कुंडिया मार्ग से बरसाना संपर्क मार्ग और बिलग्राम-सांडी-अल्लागंज मार्ग से धौकलपुर संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। विभाग की ओर से काम कराए जाने के साथ ही दूसरी किस्त की भी मांग की गई थी। शासन के अनु सचिव शिव कुमार ने दूसरी किस्त के लिए राशि की स्वीकृति के साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में राशि जारी किए जाने की अधिकारियों को पत्र से जानकारी दी।
शासन की ओर से सतौथा-कुंडिया मार्ग से बरसाना संपर्क मार्ग के लिए 50 लाख रुपये जारी किए गए हैं। शासन ने इस संपर्क मार्ग के लिए 3,72,30,000 रुपये की स्वीकृति दी है और अब तक 1,29,06,000 रुपये जारी कर दिए गए हैं। ऐसे ही राज्य राजमार्ग बिलग्राम-सांडी-अल्लागंज मार्ग से धौकलपुर संपर्क के लिए शासन ने 28,96,000 रुपये जारी कर दिए हैं। इस मार्ग के निर्माण के लिए शासन 1,44,91,000 रुपये की स्वीकृति दी है। अब तक इस मार्ग के लिए 41,27,000 रुपये जारी हो चुके हैं। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड एक के अधिशासी अभियंता सुमंत कुमार ने बताया कि इससे निर्माण कार्य में तेजी आएगी और काम समय से पूरा कराया जा सकेगा।