फोटो 28: पिहानी में निर्माणाधीन केजीबीवी छात्रावास। संवाद
हरदाेई। कस्तूरबा गांधी आवासी बालिका विद्यालय में छात्रावास का काम समय से पूरा नहीं हो पाया है। दूसरी किस्त के रुपये न मिलने से केजीबीवी पिहानी, माधौगंज और संडीला में काम ठप है। इन विद्यालयों में अनुबंध की शर्तों के अनुसार दिसंबर तक छात्रावास बन जाने चाहिए थे।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों को कक्षा आठ से उच्चीकृत कराते हुए माध्यमिक कक्षाओं की पढ़ाई भी शुरू की गई है। जिले के 20 विद्यालयों में से तीन विद्यालयों में कक्षा नौ की पढ़ाई शुरू हो गई है जबकि अन्य में आगामी शैक्षिक सत्र से पढ़ाई होगी। उच्चीकृत किए जा रहे केजीबीवी में माध्यमिक कक्षाओं के संचालन के लिए एकेडमिक भवन भी बनवाए जा रहे हैं। वहीं, केजीबीवी पिहानी, माधौगंज और संडीला में तीन करोड़, 19 लाख-3.19 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास बनवाए जा रहे हैं। छात्रावास का भवन बनवाए जाने की स्वीकृति साल 2024-25 में मिली थी।
छात्रावास बनवाए जाने का काम उप्र राज्य निर्माण सहकारी संघ लि. को सौंपा गया है। कार्यदायी संस्था ने पहली किस्त में रुपये से काम शुरू करा दिया था दूसरी किस्त न मिलने से काम रोकना पड़ा। बताया कि केजीबीवी पिहानी के लिए पहली किस्त में 2.24 करोड़ रुपये, संडीला और माधौगंज के लिए 2.23 करोड़-2.23 करोड़ रुपये मिले थे जिससे काम कराया गया है। अनुबंध के अनुसार छात्रावास का काम दिसंबर माह तक पूरा होना था लेकिन दूसरी किस्त न मिलने से काम ठप है।
-
कार्यदायी संस्था ने छात्रावासों का काम करीब 75-80 प्रतिशत तक करा लिया है। शेष काम होना बाकी है। इसकी जानकारी है। बेसिक शिक्षा विभाग और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से कहा गया कि दूसरी किस्त के रुपये आवंटन के लिए शासन स्तर पर प्रयास करें ताकि छात्रावास भवनों को समय से पूरा कराया जा सके। -सान्या छाबड़ा, मुख्य विकास अधिकारी