हरदोई। छह विकास खंडों की 453 ग्राम पंचायतों में छह माह में मनरेगा मद में कराए गए कामों और प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई ग्रामीण) के कामों की हकीकत जांची जाएगी।
शासन ने इन विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में एक अक्तूबर 2023 से 31 मार्च 2024 तक के कामों के अभिलेखों के परीक्षण और कामों के स्थलीय सत्यापन की व्यवस्था की है।
मनरेगा मद के कामों और पीएमएवाई ग्रामीण के सोशल ऑडिट की व्यवस्था में सोशल ऑडिट निदेशालय ने 13 जून और 18 जून से होने वाले ऑडिट के लिए जिले की 19 में से छह विकास खंडों को चयनित किया है। निदेशालय ने इसके लिए टीमों का भी गठन कर दिया है। गांव में ही ग्रामीणों के सामने कामों का ऑडिट किए जाने की व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने छह विकास खंडों का कैलेंडर जारी कर दिया है।
सोशल ऑडिट के नोडल अधिकारी डीडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि विकास खंड कछौना की 78, बावन की 74, बेहंदर की 68 और भरावन की 65 ग्राम पंचायतों में 13 जून से सोशल ऑडिट होगा। विकास खंड भरखनी की 89 और बिलग्राम की 79 ग्राम पंचायतों में 18 जून से ऑडिट होगा।
बताया कि जिला समन्वयक इंद्र भूषण सिंह को टीमों के प्रशिक्षण और टीमों से रिपोर्ट प्राप्त करने की जिम्मेदारी दी गई है। संबंधित खंड विकास अधिकारियों से कहा गया है कि ऑडिट के लिए टीमों को अभिलेख समय से प्राप्त करा दें ताकि, परीक्षण भी किया जा सके।