हरदोई। वीआईपी के भ्रमण और भवन के रख-रखाव के चलते शासन ने संडीला में सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस के कायाकल्प को स्वीकृति दे दी है। एनएच-731 बन जाने से संडीला में वीआईपी का आनाजाना बढ़ गया है। शासन ने सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस के कायाकल्प के लिए 1.32 करोड़ रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी। शासन ने काम कराने के लिए 70 लाख रुपये भी दिए हैं।
लखनऊ-पलिया मार्ग के एनएच-731 बन जाने और राजधानी लखनऊ के पास होने के कारण संडीला में वीआईपी का आनाजाना लगा रहता है। वहां पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के गेस्ट हाउस के साथ ही सिंचाई विभाग का ही गेस्ट हाउस है। वीआईपी के भ्रमण को देखते हुए सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस को भी सुविधायुक्त बनवाए जाने का निर्णय लिया गया।
सिंचाई विभाग के संडीला के गेस्ट हाउस और परिसर के अन्य भवनों के जीर्णोद्धार के लिए शासन ने 1,32,00,000 रुपये की स्वीकृति दी। शासन के विशेष सचिव कुलदीप श्रीवास्तव ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया है। शासन ने 70,00,000 रुपये भी काम कराने के लिए दिए हैं। इससे गेस्ट हाउस का कायाकल्प कराया जा सकेगा। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता एके गौतम ने बताया कि रुपये जारी होने की जानकारी हुई है। जल्द ही काम को समय से पूरा करा लिया जाएगा।