सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद नरेश अग्रवाल ने
कहा कि प्रदेश की सपा सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही
है। केंद्र की भाजपा सरकार प्रदेश सरकार की मांगों को अनदेखा कर रही,
जिससे सभी किसानों को मुआवजा नहीं मिल पाया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश
ने किसानों के लिए 80 हजार करोड़ रुपये मांगे थे, पर केंद्र सरकार ने महज
270 करोड़ रुपये ही दिए। इसके बावजूद सपा सरकार ने किसानों को फसली मुआवजा
के लिए हर संभव प्रयास किया। उन्होंने पाली में रोडवेज बस स्टेशन बनने में
हो रही देरी के सवाल पर कहा कि जो भी अड़चनें हैं, उन्हें दूर किया जाएगा
और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने आए
सांसद ने नगर पंचायत अध्यक्ष रिजवान खां के आवासों पर पत्रकारों से बातचीत
करते हुए कहा कि हरदोई की सरजमीं से पूरे देश में कौमी एकता का संदेश गया
है। हम सभी को इसे लगातार मजबूत बनाए रखना है।
उन्होंने दादरी मामले की
निंदा करते हुए इसे देश के लिए बेहद दुखद बताया और कहा कि कौमी एकता के लिए
खतरा बनने वालों से न केवल सावधान रहना है, बल्कि करारा सबक भी सिखाना
होगा। क्षेत्र की नहरों में पानी न आने के मामले पर उन्होंने कहा कि वे इस
ओर संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे।