भरखनी ब्लॉक मुख्यालय के पास रोड पर पड़ा जंगली जानवर के बच्चे का शव।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। भरखनी ब्लॉक मुख्यालय के पास सड़क पर मंगलवार सुबह जंगली जानवर के बच्चे का शव पड़ा देख भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव शावक का है। दो दिन पहले ही क्षेत्र में बाघ के पंजों के निशान मिले थे। उसकी तलाश में वन विभाग की टीम कांबिंग कर रही है। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने पर साफ हो सकेगा कि शव किस जानवर का है।
पाली थाना क्षेत्र में भरखनी ब्लॉक मुख्यालय मोड़ के पास रूपापुर मार्ग से गुजर रहे लोगों ने जंगली जानवर के बच्चे का शव पड़ा देखा। प्रथम दृष्टया शव बाघ के बच्चे का प्रतीत हुआ।
इसकी जानकारी होते ही मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव कब्जे में ले लिया। वन विभाग के सेक्शन अधिकारी शिव प्रकाश कुरील ने बताया कि जंगली जानवर के बच्चे का शव मिला है। पोस्टमार्टम के लिए शव को शाहाबाद के पशु चिकित्सालय भेजा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि शव किस जानवर का है। बता दें कि क्षेत्र के अकौड़ा गांव में रविवार सुबह बाघ के साथ शावक के पंजों के निशान भी मिले थे। इसके बाद सोमवार को दिनभर वन विभाग की टीम बाघ की तलाश में कांबिंग करती रही, लेकिन सुराग नहीं मिला। अभी कांबिंग जारी है।