पिहानी। कई माह की कोशिश के बाद भी मायके से पत्नी के न आने से आहत पति ने उसकी ही साड़ी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के बगौछा गांव निवासी दीपक गुप्ता (25) खेती करता था। उसकी शादी लगभग दो साल पहले हुई थी। अब से लगभग चार माह पहले घरेलू विवाद के बाद पत्नी मायके चली गई थी। कई प्रयास के बाद भी पत्नी मायके से ससुराल नहीं आई। इससे दीपक तनाव में रहता था।
रविवार शाम दीपक के पिता राज कुमार खेतों की तरफ गए थे और मां घरेलू काम काज में व्यस्त थीं। इसी दौरान दीपक ने पत्नी की साड़ी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ हरियावां संतोष सिंह ने बताया कि खुदकुशी का मामला है। पिता राज कुमार ने जानकारी दी है कि पत्नी के मायके से वापस न आने से दीपक परेशान था। इसी लिए उसने खुदकुशी कर ली।