संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित जिला महिला अस्पताल के लेबर रूम में एक प्रसूता की पायल चोरी हो गई। आरोप है कि प्रसव के बाद डेढ़ हजार रुपये की मांग की गई। न देने पर उसके साथ यह घटना हुई है।
कोतवाली देहात के डुडैला गांव निवासी काशीराम की पत्नी रोली (21) को मंगलवार की सुबह प्रसव पीड़ा हुई। इस पर परिजन उसे गांव की आशा के साथ लेकर सुबह करीब नौ बजे जिला महिला अस्पताल पहुंचे। महिला को भर्ती कराया गया। यहां पर चार बजे सामान्य प्रसव से पुत्र का जन्म हुआ।
प्रसूता की मां रामदेवी ने आरोप लगाते हुए बताया उससे डेढ़ हजार रुपये की मांग की गई। रुपए देने से मना कर दिया। इसके बाद लेबररूम से रामदेवी को बच्चा देकर वहां से निकाल दिया। आशा को कागज सही कराने की बात कहकर निकाल दिया गया। उसके बाद प्रसूता के पैर से पायल निकाल ली गई।
प्रसूता जब बाहर निकली तो परिजनों ने पैर में पायल न होने पर हंगाम काटा। घटना जानकारी डॉक्टरों को हुई तो समझा- बुझाकर मामला शांत कराया गया। कार्यवाहक सीएमएस डॉ सुबोध कुमार ने बताया मामला संज्ञान में नहीं आया है। जांच कराई जाएगी।