बिलग्राम। हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर हैबतपुर के पास डंपर ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक सवार गर्भवती सड़क के गहरे गड्ढे में गिर गई। जब तक वह उठती तब तक डंपर का पहिया उसकी गर्दन से निकल गया। घटना में गर्भवती का सिर धड़ से अलग हो गया और मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पति भी घायल हुआ है और मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। घटना के बाद ग्रामीणों ने डंपर रोक लिया था, लेकिन चालक चकमा देकर डंपर समेत मौके से भाग निकला।
सांडी थाना क्षेत्र के कतलपुरवा निवासी अरविंद (24) खेतीबाड़ी करते हैं। पत्नी अनीता (22) तीन माह की गर्भवती थीं। अरविंद पत्नी को लेकर शुक्रवार शाम हरदोई अल्ट्रासाउंड कराने गए थे। अल्ट्रासाउंड कराने के बाद रात लगभग 10 बजे दंपती बाइक से वापस गांव आ रहे थे। बिलग्राम मार्ग पर हैबतपुर के पास पीछे से आए डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अनीता सड़क पर गड्ढे में जा गिरीं।
डंपर का पहिया उनके ऊपर से निकल गया। इसकी वजह से धड़ सिर से अलग हो गया, जबकि अरविंद भी गंभीर रूप से घायल हो गए। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि अरविंद को सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने डंपर रोककर चालक को पकड़ लिया था, लेकिन इसी बीच वह बचकर डंपर समेत भाग निकला।
सीओ बिलग्राम सुनील शर्मा ने बताया कि घटना संज्ञान में है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना करने वाले डंपर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।