हरदोई। गंगा नदी चेतावनी बिंदु पार कर गई हैं और रामगंगा व गर्रा नदियां भी उफान पर हैं। गंगा का पानी तीन चार किलोमीटर दूर बसे गांवों के किनारे तक पहुंच गया है जबकि रामगंगा खेतों की ओर तेजी से बढ़ रही है। जिससे कटान हो रही है। शाहाबाद क्षेत्र में गर्रा नदी की कटान में तीन घर क्षतिग्रस्त हो गए।
छिबरामऊ संवाददाता के अनुसार शुक्रवार को गंगा नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी हुई। घासीरामपुरवा, परसोला, बिछुईया, कटरी परसोला सहित कई गांवों के किनारे खेतों तक पानी पहुंच गया है। परसोला होकर निकले कन्नौज मार्ग किनारे किनारे काफी दूर तक पानी ही पानी दिखाई दे रहा है।
सोनारीपुरवा में घरों के किनारे तक पानी पहुंच गया है। सबसे ज्यादा खतरा कटरी परसोला गांव पर है। इस गांव के प्राथमिक स्कूल भवन का ज्यादातर हिस्सा नदी में बह गया है। इस गांव के ज्यादातर लोग सामान और घर तोड़कर पलायन कर गए हैं।
कटरी परसोला के चंद्रप्रकास, रामरतन, जयदेव, मुंशीलाल, कालीचरन, महेश, रादुलारे,नत्था, जयकरन आदि ने बताया कि मक्का, धान, घुंईया, धनिया आदि कर्ज लेकर बोई थी। इस बार पानी में फसलें डूब गईं। चिरंजूपुरवा के रामविलास, पातीराम, मनसुख, हिमांशू, जगमोहन, रामनाथ आदि लोगों ने बताया कि खेतों में पानी भरने का खतरा मंडरा रहा है।