हरपालपुर। सोमवार दोपहर कस्बे में एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इसके साथ ही जल निकासी की व्यवस्था की पोल भी खुल गई। मुख्य मार्ग पर सड़क के दोनों ओर नाली का निर्माण जारी होने के कारण पानी की निकासी ठप हो गई। सड़क, घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोग परेशान रहे।
दुकानों में पानी घुसने से सामान खराब हो गया। कस्बे के राजेश, उत्तम व राधेश्याम आदि ने बताया कि कस्बे में सड़क का निर्माण काफी पहले ही पूरा हो चुका है, लेकिन कार्यदायी संस्था द्वारा नाली निर्माण का काम काफी देरी से शुरू कराया गया है। दोनों ओर की नालियां बन रहीं हैं। घरेलू पानी तक के निकास की समस्या है, ऐसे में बारिश में जलभराव होना तय था। कस्बे के लोगों ने नाली का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।