हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र में मिली महिला के शव का 72 घंटे बाद शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में फांसी पर लटकने से महिला की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि महिला के साथ दुष्कर्म की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई। कुछ अंगों से नमूने लिए गए हैं। जिनको डीएनए टेस्ट के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
पकरा गांव के बाहर 21 दिसंबर को मिली अज्ञात महिला के शव की शनिवार तक पहचान नहीं हुई। जबकि 72 घंटे पूरे होने के बाद पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार महिला की मौत फांसी पर लटकने से हुई है। जबकि दुष्कर्म की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। जिसके चलते स्लाइड बनाई गई है।
इसके साथ ही नाखून के नमूने और प्राइवेट पार्ट के पास के बाल का नमूना लिया गया है। नमूनों को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जाएगा। बुधवार को खेतों के बीच से निकले नाले में झांड़ियों से घिरे पेड़ से एक अज्ञात युवती का शव फांसी पर लटका मिला था। महिला का शव पेड़ के तने में करीब सात फीट ऊंचाई पर निकली पतली टहनी में दुपट्टे के फंदे पर शव लटका था।
युवती के पैर जमीन से करीब डेढ़ फीट ऊंचाई पर और शव तने से सटा था। कंधों से पैरों तक हरे रंग का दुपट्टा लिपटा था। युवती काली रंग का कुर्ता, सफेद सलवार और स्लेटी स्वेटर पहने थी। पेड़ के नीचे आसमानी रंग की हवाई चप्पलें भी पड़ीं थीं। युवती के गाल पर चोट का निशान था और मुंह व नाक से खून भी निकल रहा था।
सलवार का नाड़ा ढीला होने से दुष्कर्म की आशंका भी है। थाना प्रभारी संजय यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी उनको रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने पर ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
पचदेवरा में मिली अज्ञात महिला क ी शिनाख्त के लिए शनिवार को पाली थाना के एक गांव निवासी पिता आया था। उसकी बेटी (19) 8 सितंबर से लापता है। उसने पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें एक युवक व महिला पर बेटी केा बहला फुसला कर ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ युवती को ले जाने की अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की थी।