पाली। कटरा-बिल्हौर हाइवे पर सरसई गावं के पास ढाबे में चारपाई पर शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालात में वेटर का शव मिला। परिजनों ने अभी तक कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया।
सरसई गावं के पास अशोक भदौरिया का ढाबा है। ढाबे में शाहजहांपुर जनपद के मिर्जापुर थाने के बानगांव निवासी जगवीर (36) दो दिन पहले बुधवार को वेटर का काम करने पहुंचा था। संचालक अशोक भदौरिया ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे जगवीर काम खत्म करके कमरे में सोने चला गया। सुबह करीब चार बजे जगवीर को बाहर जाते देखा था, जिसके बाद वह कमरे में आया गया।
बताया कि सुबह करीब सात बजे जब जगवीर नहीं उठा तो, उन्होंने उसे आवाज दी। जवाब न आने पर वह उसके कमरे में गए, जहां चारपाई पर जगवीर चादर ओढ़े लेटा था। उन्होंने जगवीर को आवाज दी, फिर पास जाकर हिलाया तो वह मृत मिला। जिसके बाद अशोक ने जगवीर के परिजनों को सूचना दी। मृतक के भाई राजीव ने पुलिस को जानकारी दी। मृतक के परिवार में पत्नी अनीता और तीन पुत्रियां व एक पुत्र है। थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत की वजह स्पष्ट न होने पर पुलिस ने विसरा सुरक्षित करवाया है। शव पर चोट आदि के निशान नहीं मिले। परिजनों ने भी कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।