हरियावां। सधिनावां कुरसेली मोड़ पर सड़क हादसे में बहनोई की मौत के बाद साले की भी मौत हो गई। लखनऊ मेडिकल कॉलेज से जवाब होने के बाद परिजन बृहस्पतिवार देर शाम उनको गांव ला रहे थे। रास्ते में उनकी मौत हो गई। जीजा-साले की मौत के बाद दोनों परिवार के लोग गमजदा हैं।
हरियावां थाना क्षेत्र के ककरहिया निवासी रामकुमार उर्फ लालू (43) मजदूरी के साथ बटाई पर खेती करते थे। वह बुधवार देर शाम पिहानी थाना क्षेत्र के चंदेली नेवादा निवासी अपने बहनोई सुनील के साथ बाइक से सधिनावां गांव से अपने गांव वापस जा रहे थे। रास्ते में सधिनावां कुरसेली मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई। जिससे बाइक बबूल के पेड़ से टकरा गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
दोनों को हरियावां सीएचसी लाया गया। चिकित्सक ने सुनील को मृत घोषित करते हुए राजकुमार को हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया था। मेडिकल कालेज में उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था। जहां इलाज के दौरान चिकित्सक ने जवाब दे दिया। मृतक के भाई राजपाल ने बताया बृहस्पतिवार देर शाम उन्हें लखनऊ से घर आ रहे थे। रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक की पत्नी कल्पना के साथ उनके दो पुत्र तीन पुत्रियां हैं। थानाध्यक्ष बालेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।