शाहाबाद (हरदोई)। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के रामपुर ह्रदय गांव में सरकारी भूमि पर चबूतरा बनाकर बिना अनुमति के कुछ ग्रामीणों ने डाॅ. बीआर ऑबेडकर और महात्मा बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कर दी। राजस्व कर्मियों ने जब इस पर आपत्ति की तो वर्ग विशेष के लोगों ने उनके साथ अभद्रता की। लेखपाल की तहरीर पर नौ लोगों को नामजद करते हुए 19 लोगों पर सरकारी भूमि पर मूर्ति लगाने, धारा 144 का उल्लंघन करने और माहौल खराब करने की धाराओं में मामला दर्ज कराया है। छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
रामपुर ह्रदय गांव में खलिहान की भूमि (सरकारी भूमि) पड़ी है। लगभग 0.147 हेक्टेयर भूमि अभिलेखों में दर्ज है। राजस्व निरीक्षक गिरिजाशंकर वाजपेयी और लेखपाल वंशराज निषाद के मुताबिक गांव के ही कुछ लोगों ने इस भूमि पर चबूतरा बनाकर रातों रात डॉ. आंबेडकर और महात्मा बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करदी। जानकारी पर गांव पहुंचे तो पता चला कि गांव के ही बाबूराम, अजय, अनिल कुमार, लवकुश, पिंकू, सचिन, सौरभ, मनीष, राजवीर ने 10-12 ग्रामीणों के साथ उक्त कार्य किया है। जब इन लोगों से इस पर आपत्ति जताई गई तो इन लाेगों ने अभद्रता की।
जानकारी पर तहसीलदार नरेंद्र कुमार, कोतवाल राजदेव मिश्रा आदि मौके पर पहुंचे। कोतवाल ने बताया कि छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डाॅ. भीमराव अंबेडकर और महात्मा बुद्ध की मूर्तियों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।