हरदोई। लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर मलिहाबाद के निकट इलेक्ट्रिक लाइन में खामी आने और पुरबिया एक्सप्रेस का इंजन फेल होने के कारण अप रूट लगभग चार घंटे तक बाधित रहा। इसके कारण पांच ट्रेनें प्रभावित रहीं।
रौजा से लखनऊ जाने वाली इलेक्ट्रिक लाइन (ओएचटी) में मलिहाबाद के निकट सोमवार सुबह 4:45 बजे खामी आ गई। इसके कारण अप रूट बाधित हो गया। इसी दौरान अप रूट की पुरबिया एक्सप्रेस का इंजन मलिहाबाद के निकट फेल हो गया। जहां पर इंजन फेल हुआ वहां पर दूसरा ट्रैक न होने के कारण ट्रेनों का आवागमन बाधित हो गया। इंजन की मरम्मत करने के बाद पुरबिया एक्सप्रेस रवाना की गई। हरदोई रेलवे स्टेशन के अधीक्षक राजीव आर्या ने बताया कि सुबह 4:45 मिनट से 8:59 मिनट तक अप ट्रैक बाधित रहा।
इसके कारण 7:38 मिनट पर आने वाली अप दिशा की अवध-आसाम एक्सप्रेस 5 घंटे 31 मिनट देरी से आई। सुबह 8:17 बजे आने वाली मुगलसराय एक्सप्रेस चार घंटे देरी से आई। पाटलीपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस निर्धारित समय सुबह 7:51 मिनट की जगह चार घंटे 29 मिनट विलंब से आई। त्रिवेणी एक्सप्रेस के आने का समय 9:50 मिनट पर है, लेकिन ये तीन घंटा चार मिनट लेट रही। इसी तरह प्रयागराज-हरिद्वार एक्सप्रेस निर्धारित समय सुबह 6:34 बजे से पांच घंटे विलंब से आई।