भरावन। यूपी 112 की पीआरवी में तैनात एक सिपाही पर युवक ने पेड़ में बांधकर पीटने का आरोप लगाया है। इससे संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है।
ग्राम नरोइया निवासी मनोज कुमार ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को भेजे गए पत्र में बताया कि बीती 25 मार्च को शाम सात बजे पड़ोसी से रास्ते को लेकर उसका विवाद हुआ था। तब रंजीत ने उसे घसीटकर गिरा दिया था। मनोज ने इसकी शिकायत यूपी 112 पर की थी। एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने रंजीत से मिलने के बाद मनोज और उसकी मां को गाली गलौज करते हुए जबरन यूपी 112 की पीआरवी में डाल लिया।
आरोप है कि कुछ दूर जाकर मनोज की मां को जीप से उतार दिया। इसमें बैठे सिपाही ने दस हजार रुपये की मांग की। तीन हजार रुपये दे दिए। इसके बाद एक अन्य सिपाही ने उसे पेड़ में बांध दिया और दूसरे सिपाही ने उसे पीटा। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है। सीओ स्तर के अधिकारी से जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आते ही कार्रवाई की जाएगी। संवाद