संवाद न्यूज एजेंसी
सांडी (हरदोई)। सांडी कस्बे में बिलग्राम चुंगी पर स्थित एक महाविद्यालय में शिक्षक का शव आवासीय परिसर में फंदे पर लटकता मिला। बुधवार को भी वह होली की छुट्टी मनाकर घर से वापस महाविद्यालय आया था। उसके स्टेटस पर डिप्रेशन इतना बढ़ने लगा है कि दिमाग की सारी नसें फटने लगी हैं.. पर मजाल है एक भी फटकर.. काम आसान कर दें... लगा था। प्राथमिक जांच में अवसाद के चलते खुदकुशी किए जाने की बात सामने आई है।
कानपुर के यशोदा नगर के 10पी ब्लाक में वैष्णो विद्या मंदिर स्कूल के पास के निवासी अंकित दीक्षित (32) बीती एक मार्च से सांडी में बिलग्राम चुंगी पर स्थित एपीएस महाविद्यालय में शिक्षक के पद पर भर्ती हुआ था।
होली के अवकाश से 27 मार्च को वह वापस महाविद्यालय आ गया था। महाविद्यालय परिसर में ही बने आवासीय परिसर में रहता था। गुरुवार को जब वह स्कूल नहीं पहुंचा, तो प्राचार्य अरविंद मिश्रा ने अंकित को फोन किया। जवाब न मिलने पर उन्होंने महाविद्यालय के कर्मचारियों को अंकित को बुलाने के लिए भेजा। यहां कर्मचारियों ने अंकित का शव पंखे में फंदे से लटकता देखा।
जानकारी महाविद्यालय के प्रबंधक अरविंद सीताराम को दी गई। उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। मृतक के परिवार में पत्नी रूबी है और एक बेटा है।
थानाध्यक्ष छोटेलाल ने बताया कि प्राथमिक जांच में अवसाद के कारण खुदकुशी किए जाने की बात ही सामने आई है। परिजन अगर कोई तहरीर देंगे तो उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।