डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना में आवास का लाभ दिलाने की
मांग को लेकर कोथावां के ग्रामीणों ने गुरुवार को कलक्ट्रेट परिसर में
जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान एक ज्ञापन
जिलाधिकारी को सौंपकर आवास दिलाने की मांग की। कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे
ग्रामीण विमलेश कुमार, चंदू कुमार आदि ने बताया कि ग्राम अरसलिया भूड़
ग्राम पंचायत कल्यानमल तहसील संडीला ब्लाक कोथावां के अनुसूचित जाति के
व्यक्ति हैं और आवास विहीन हैं।
उनकी ग्राम पंचायत डा. राम मनोहर लोहिया
समग्र ग्राम विकास योजना के तहत चयनित हैं, पर इसके बावजूद उन लोगों को
आवास का लाभ नहीं दिया जा रहा है। गांव में जांच करने बीडीओ कोथावां आए,
तो उनके द्वारा भी गरीबों को लाभ नहीं दिया जा सका।
जिसके चलते ग्रामीणों
को छत मयस्सर नहीं हो पा रही और छप्पर तान कर रहने को विवश हैं। ग्रामीणों
ने इस दौरान एक ज्ञापन जिलाधिकारी रमेश मिश्र को सौंप कर वहां जांच कराकर
पात्रों को आवास दिलाने की मांग की है। इस मौके पर बनवारी लाल, सुरेंद्र,
राजेंद्र, सरविंद्र कुमार, छोटे, बृजेंद्र, विवेक कुमार, विजय कुमार आदि
मौजूद थे।