हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अइमा में बुधवार की देर शाम संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ने से बच्ची की मौत हो गई। मां ने चाचा व दादी पर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अइमा निवासी छोटेलाल की डेढ़ वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो चुकी है। परिवार में दो बेटियां रागिनी (4) व बिट़्टू (3) हैं। परिजनों के मुताबिक छोटेलाल की मौत के बाद उसकी पत्नी निशा छोटी बेटी को लेकर संडीला के एक व्यक्ति के साथ रहने लगी थी, जबकि उसकी बड़ी बेटी रागिनी चाचा रमेश व दादी के पास रह रही थी। बुधवार की शाम रागिनी की संदिग्ध हालात
में तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे संडीला ले जा रहे थे। रास्ते मेें उसकी मौत हो गई। मृतका की मां ने दादी व चाचा पर हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की। परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक राजकरन शर्मा ने बताया कि बीमारी से बच्ची की मौत हुई है। परिजनों के कहने पर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।