हरपालपुर। मामा के बेटे को करंट लगने पर बचाने आया बालक भी करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर लाया गया। यहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। दूसरे का उपचार चल रहा है।
सुरसा थाना क्षेत्र के ओदरा पचलाई निवासी नेत्रपाल के बहनोई हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के सेमरिया गांव में रहते हैं। उनका पुत्र निशांत (12) गर्मियों की छुट्टी में अपने फूफा निर्मलेश के घर गया था। बुधवार दोपहर वह बारिश के बाद नल पर रखी बाल्टी से हाथ पैर धो रहा था। इसी दौरान नल में लगी बिजली की मोटर से लोहे की बाल्टी में करंट उतर आया। इसकी चपेट में आकर निशांत झुलस गया। उसे छटपटाता देख फूफा के पुत्र सत्यम (10) ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।
परिजनों ने बिजली का तार काटकर दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने सत्यम को म़ृृत घोषित कर दिया, जबकि निशांत का इलाज चल रहा है। सत्यम गांव के ही विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। कोतवाल बालकृष्ण मिश्रा ने बताया कि करंट लगने से बालक की मौत हुई है।