हरियावां। दूसरी शादी करने से रोकने पर मामा ने भांजे को दिलाई बाइक की चाबी वापस ले ली। नाराज भांजे ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। हालांकि, मृतक के भाई ने मामा पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के मवैया गांव निवासी रजनीश (22) खेती करते थे। बड़े भाई नीरज के मुताबिक, हरियावां थाना क्षेत्र के मोहनपुरवा में उनका ननिहाल है। मामा जयचंद के कोई संतान नहीं है। पांच साल पहले जयचंद ने रजनीश को अपने साथ रख लिया था। जयचंद की लगभग 30 बीघा खेती की देखरेख रजनीश करता था। डेढ़ साल पहले जयचंद की पत्नी जयरानी की मौत हो गई थी। हाल ही में जयचंद ने दूसरी शादी करने की इच्छा जताई थी।
इससे रजनीश नाराज हो गया था और अक्तूबर में अपने गांव मवैया चला गया था। वहां उन्होंने मां रेखादेवी को पूरी बात बताई। शनिवार को रजनीश और धीरज मां के साथ मोहनपुरवा पहुंचे। जयचंद को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। दावा है कि जयचंद ने रजनीश को दिलाई बाइक की चाबी वापस ले ली। इसके बाद रजनीश बिना कुछ बताए घर से चला गया। रात में वापस न आने पर उसकी तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
रविवार सुबह रजनीश का शव गांव की दक्षिण दिशा स्थित गांव निवासी अनुसुइया के आम के बाग में शॉल के फंदे से लटका मिला। नीरज ने जयचंद पर रजनीश की हत्या करके शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस को सूचना दी गई। फॉरेंसिक टीम ने नमूने जुटाए। रजनीश पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर, अविवाहित थे। थानाध्यक्ष वीर बहादुर ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है। पोस्टमार्टम के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।