मल्लावां। चुनावी रंजिश में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में मारपीट और फायरिंग शुरू हो गई। मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बीकापुर निवासी जुगल किशोर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव निवासी योगेंद्र से उसकी चुनावी रंजिश चल रही है। बुधवार को शाम वह अपने दरवाजे पर खड़ा था।
इसी दौरान मौके पर योगेंद्र, अरुणेंद्र, विजेंद्र और 15-16 अज्ञात लोगों के साथ नाजायज असलहा सहित आकर गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर योगेंद्र ने मारपीट कर फायरिंग शुरू कर दी।
दूसरे पक्ष के अरुण पटेल ने प्रधानी चुनाव की रंजिश के चलते गांव के रास्ते पर जुगल किशोर व उसके बेटे सूरज और ज्ञानी पर गालीगलौज कर फरसे से हमला करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराया। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।