हरदोई/सवायजपुर। बेटे की छठी की दावत देकर रविवार रात साथियों के साथ लौट रहे प्रधान के पुत्र की कार लोनार कोतवाली के कटरा-बिल्हौर मार्ग पर कंटेनर से भिड़ गई। प्रधान सवार और उसके एक साथी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद सोमवार को दोनों शवों का पुलिस ने पोस्टमार्टम करा दिया। इधर, कंटेनर को छोड़कर चालक भाग गया।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम चकौती निवासी पवन उर्फ योगेंद्र सिंह (28) के घर में छह दिन पहले बेटा पैदा हुआ था। रविवार को उसके बेटे की छठी थी। पवन ने साथियों को बेटे की छठी की दावत दी थी। देर शाम वह अपने साथी ग्राम प्रधान सुदामा देवी के बेटे प्रदीप यादव (28), अजय (27) व सर्वेंद्र (26) के साथ कार से हरपालपुर स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गया था। देर रात सभी कार से लौट रहे थे।
लोनार कोतवाली के अंतर्गत कटरा-बिल्हौर मार्ग स्थित सौरंगपुर पुलिया के पास कार की सामने से आ रहे कंटेनर से भिड़त हो गई। हादसे में पवन व प्रदीप की मौके पर मौत हो गई। अन्य दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों से हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी देते हुए दोनों शव कब्जे में ले लिए। उधर, हादसे के बाद कंटेनर को छोड़कर चालक भाग गया। पवन व प्रदीप की मौत की खबर मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सोमवार को दोनों के शव का पोस्टमार्टम करा दिया।
कार के एयरबैग खुले पर नहीं बचा सके जान
जब मौत आती है तो बचाव के सारे रास्ते भी बंद हो जाते हैं। ऐसा ही कुछ सौरंगपुर के पास हादसे में हुआ। दावत खाकर जिस कार से प्रदीप व पवन अपने साथियों के साथ रहा थे, उस कार में सेफ्टी फीचर के तहत एयरबैग लगे थे। आसपास के लोगों के मुताबिक हादसे के दौरान कार के अगले हिस्से में लगे एयरबैग खुल गए, लेकिन एयरबैग भी दोनों की जान नहीं बच सके।
प्रधानी का काम देखता था प्रदीप
प्रदीप दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई संदीप फर्रुखाबाद के एक मेडिकल कॉलेज में बीयूएमएस की पढ़ाई कर रहा था। प्रदीप गांव में रहकर मां की प्रधानी का काम देखता था। वहीं प्रदीप के परिवार में पत्नी सीमा के अलावा एक वर्ष की बेटी अवनी है।
हादसे के बाद खुशी मातम में बदली
छह दिन पूर्व ही पवन की पत्नी प्रीती ने बेटे को जन्म दिया था। बेटे के जन्म लेने के बाद घर में खुशी का माहौल था। खुशी में रविवार को छठी के दिन उसने दोस्तों को दावत दी थी। परिजनों का कहना है कि पूरा परिवार घर में नए मेहमान के आने के बाद से काफी खुश था, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
फोटो-14-मृतक प्रदीप की फाइल फोटो।- फोटो : HARDOI
फोटो-15-मृतक पवन उर्फ योगेंद्र की फाइल फोटो।- फोटो : HARDOI