हरदोई। कासिमपुर क्षेत्र में 22 दिन पहले मिले जिसे अज्ञात युवक के शव को अलीपुर निवासी महिला ने अपना बेटा बताते हुए गांव के कुछ लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
वह शव उन्नाव जिले के युवक ने अपने भाई का होने की बात कही है। उसकी तहरीर पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सैंपल डीएनए जांच के लिए भेजा है।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के पल्ले पार गांव के पास गेहूं के खेत में 12 मार्च को लावारिस शव मिला था। इसी थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी एक महिला ने अपने पुत्र का शव होने का दावा कर अंतिम क्रिया कर्म कर दिया था।
इसके बाद जमीन के विवाद में कुछ लोगों के विरुद्ध कासिमपुर थाने में मामला दर्ज करा दिया था। घटना के 22 दिन बाद 31 मार्च को उन्नाव जनपद के थाना बेहटा मुजावर के सल्ला खेड़ा गांव निवासी रजनीश ने शव अपने बड़े भाई राजू का होने का दावा किया है।
वह बृहस्पतिवार को कासिमपर थाने पहुंचा और पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि भाई राजू ने तीन वर्ष पहले बेनीगंज कोतवाली के कोरोकला निवासी सुमन से प्रेम विवाह किया था।
राजू महाराष्ट्र में नौकरी करता था। जहां से कुछ दिन पहले सीधे ससुराल आया था। चार मार्च को परिवार के ही कुछ लोगों ने राजू को फोन करके बुलाया था।
इसके बाद से राजू लापता है। सुमन ने 12 मार्च को कोतवाली में राजू की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 12 मार्च को पल्लेपारा में शव मिलने की सूचना पर भाभी के साथ थाने पहुंचकर घटना स्थल से मिले जींस के कपड़े के टुकड़े, बेल्ट, सैंडल व माला की पहचान की जो भाई राजू के ही हैं।
रजनीश ने अपने परिवार के लोगों पर ही राजू की हत्या का आरोप लगाया है। उसने डीएनए परीक्षण कराने की मांग की है। थाना प्रभारी आरबी सिंह ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल भेजा गया है।
रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा की शव गोपाल का है या राजू सिंह का। बताया कि मामले में अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।