शाहाबाद। मरकज में शामिल होकर लौटे दो जमाती अब तक छिपे रहे। पुलिस की सख्ती देखकर सोमवार को ये दोनों खुद अस्पताल पहुंच गए। दोनों को आइसोलेट किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी दो युवक दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल हुए थे। 11 मार्च तक ये लोग मरकज में शामिल रहे थे। इसके बाद लौट आए थे। अभी तक इन लोगों ने कोई जानकारी नहीं दी थी, लेकिन सख्ती होने के बाद सोमवार देर रात दोनों युवक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद पहुंचे और चिकित्सकों को सच्चाई बताई। मंगलवार को इन दोनों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड भेज दिया गया। इन दोनों का नमूना भी जांच के लिए भेजा गया है।
वहीं राजस्थान के धौलपुर में कोरोना पॉजिटिव पाए गए युवक के संपर्क में आए बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के 22 लोगों के नमूने जांच के लिए मंगलवार को लखनऊ मेडिकल कालेज भेजे गए हैं। इसके अलावा शाहाबाद के दो, पिहानी के एक सहित पांच लोगों के नमूने भी भेजे गए हैं। इन सभी की रिपोर्ट गुरुवार तक आएगी।
बिलग्राम कस्बे में 21 से 27 मार्च तक राजस्थान के धौलपुर निवासी जमाती रुका था। यहां वह 22 लोगों के संपर्क में आया था। धौलपुर निवासी युवक के राजस्थान में ही कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद इन 22 लोगों को बिलग्राम में ही क्वारंटीन कर दिया गया था। क्वारंटीन किए गए इन सभी 22 लोगों को मंगलवार को बस से हरदोई जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में लाया गया। यहां इन सभी का नमूना जांच के लिए लिया गया।
कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए छह की रिपोर्ट निगेटिव
कोरोना पॉजिटिव पाए गए पिहानी कस्बे के मोहल्ला लोहानी निवासी मोहम्मद उमैर के संपर्क में आने वाले छह और लोगों की रिपोर्ट मंगलवार को निगेटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक उमैर के संपर्क में आए दो और लोगों की रिपोर्ट आनी है। अन्य सभी की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
बुखार से मृत किशोरी का नमूना भी भेजा गया
स्वास्थ्य विभाग ने एक ऐसी किशोरी का सैंपल भी जांच के लिए भेजा है, जिसकी मौत सोमवार को हो चुकी है। शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार के लिए पहुंची 18 वर्षीय किशोरी की सोमवार को अस्पताल पहुंचने के 10 मिनट बाद ही मौत हो गई थी। युवती के परिजनों ने बताया था कि उसे तीन दिन से बुखार आ रहा था और खासी जुकाम था।
सोमवार कसुबह उसकी सांस फूलने लगी और दोपहर में वह लोग अस्पताल पहुंचे तो वहां उसकी मौत हो गई। अस्पताल संचालक ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को दी तो उसका नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है।