हरदोई। लॉकडाउन के दौरान लोगों को जरूरी सामान को लेकर हो रही परेशानी को देखकर शहर के तीन दोस्तों समेत आठ लोगों की टीम संकल्प नाम से बाजार से कम दाम में जरूरी सामान की होम डिलीवरी को तैयार है। नगर पालिका के सहयोग से टीम बाजार में उतर चुकी है। नगर पालिका ईओ का कहना है कि संकल्प अच्छा प्रयास है।
निश्चित तौर पर शहर के लोगों को अब राशन, सब्जी, फल व दवाई के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
नगर पालिका ईओ रविशंकर शुक्ला ने बताया कि शहर के ही तीन युवाओं नितिन गुप्ता, शाश्वत सिंह व सुभाष तीनों को मार्केटिंग का अनुभव है। तीनों से वह मिले और उनकी योजना को बारीकी से देखा और समझा। जब उनकी रेट लिस्ट उन्होंने देखी तो निश्चित रूप से अच्छा लगा कि इससे लोगों को फायदा होगा। लॉकडाउन में लोगों को तेल साबुन, दाल, चावल से लेकर चिप्स तक उपलब्ध होंगे। इस टीम ने डोर टू डोर वितरण सोमवार शाम से शुरू कर दिया है। पालिका भी इस टीम का पूरा सहयोग कर रही है।
इन नंबरों पर कर करा सकते हैं बुकिंग
शहरवासी बुकिंग कराने के लिए व्हाट्स एप नंबर 6307714499 या फोन नंबर 7042686908 का प्रयोग कर सकते हैं। बुकिंग सुबह आठ बजे से शाम को पांच बजे तक कराई जा सकती है। संचालक नितिन का कहना है कि डिलीवरी तीन से चार घंटे में कर दी जाएगी। दवा आदि मंगाने वालों को वरीयता दी जाएगी।
ये प्रोडक्ट रेट लिस्ट में हैं शामिल
ईओ नगर पालिका रविशंकर शुक्ला ने बताया कि उनकी रेट लिस्ट में सब्जियों से लेकर किराना का सामान, रसोई का सामान, दाल से लेकर बिस्किट व टाफियों समेत 119 आइटम शामिल हैं।
मार्केटिंग का अनुभव काम आया, काजू और बादाम भी बेचेंगे
संकल्प के मुख्य संचालक रेलवेगंज निवासी नितिन गुप्ता ने बताया कि वह और उनके दोनों मित्र शाश्वत सिंह व सुभाष तीनों अलग-अलग संस्थाओं में मार्केटिंग का काम कर रहे थे। इन दिनों जब शहर की स्थिति व जरूरी सामान की किल्लत देखी तो उन्होंने संकल्प की योजना बनाई व नगर पालिका प्रशासन से अनुमति ली। उनकी टीम में आठ लोग हैं। नितिन का कहना है कि वह मार्केट रेट से कुछ कम दाम पर लोगों को दैनिक वस्तुएं उपलब्ध कराते हैं। जो ब्रांड कस्टमर बताता है, वही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। काजू जहां बाजार में 325 रुपये प्रति 250 ग्राम है वहीं संकल्प इसे 290 रुपये प्रति 250 ग्राम में उपलब्ध कराएगा। इसी तरह बादाम 350 की 310 रुपये प्रति 250 ग्राम में उपलब्ध कराया जा रहा है।