सड़क हादसे में मृतक शिवकरन की फाइल फोटो।
- फोटो : HARDOI
बिल्हौर-कटरा मार्ग पर गुरुवार को पाली थाना क्षेत्र में टेंपो की टक्कर से मामा-भांजे की मौत हो गई। दोनोें फर्रुखाबाद में भांजी के घर में आयोजित अखंड रामायण में शामिल होकर लौट रहे थे।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के समथरी गांव निवासी शिवकरन (45) पुत्र शिशुपाल सिंह की भांजी की ससुराल फर्रुखाबाद जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र के पकरिया गांव में है। वहां 15 जुलाई को अखंड रामायण पाठ और भोज का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए शिवकरन पकरिया गया था।
पकरिया में पहले से मौजूद शाहजहांपुर जिले के सेहरामऊ दक्षिणी के दौउदापुर निवासी भांजे रवि (25) पुत्र धनपाल के साथ वह गुरुवार दोपहर बाइक से समथरी लौट रहा था। बिल्हौर-कटरा मार्ग पर पाली थाना क्षेत्र के रुपापुर मोड़ से कुछ पहले टेंपो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
इससे शिवकरन और रवि सिर के बल सड़क पर जा गिरे। पीछे दूसरी बाइक पर आ रहे शिवकरन के परिवार के ही सुशील ने दोनों को पड़ा देखा तो एंबुलेंस को बुलाया और दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां 20 मिनट के अंदर ही शिवकरन और रवि ने दम तोड़ दिया।
सुशील ने सूचना अन्य परिजनों को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिवकरन के परिवार में उसकी पत्नी के अलावा दो छोटे भाई हैं। रवि अविवाहित था और पांच भाइयों में सबसे बड़ा था।
हरदोई में जिला अस्पताल की मोर्चरी में पुलिस को जानकारी देते मृतकों के परिजन। अमर उजाला- फोटो : HARDOI