हरदोई। एनएच-731 पर टोडरपुर ब्लॉक कार्यालय को दो लेन सड़क से जोड़ने के साथ ही शाहजहांपुर मार्ग को पिहानी मार्ग से जोड़ने वाले मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के काम में तेजी आएगी। करीब 12.20 किलोमीटर लंबाई वाले इस मार्ग के लिए शासन ने 26 करोड़ की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी। इसमें दूसरी किस्त में दो करोड़ रुपये और दे दिए गए हैं, जबकि पहली किस्त में मिले नौ करोड़ रुपये से काम कराया जा रहा है।
एनएच-731 पर हरदोई से शाहजहांपुर मार्ग पर टोडरपुर ब्लाॅक कार्यालय भी है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता और तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों को दो लेन के मार्गों से जोड़ने के क्रम में इस मार्ग का भी चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कराया जा रहा है। ब्लॉक कार्यालय को दो लेन से जोड़ने के साथ ही यह मार्ग करीब 12.20 किलोमीटर लंबाई में पिहानी मार्ग को भी जोड़ता है। मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से लोग इस मार्ग को बाईपास के तौर पर भी उपयोग में ला सकेंगे। शासन के संयुक्त सचिव राजेश प्रताप सिंह ने दो करोड़ रुपये दूसरी किस्त में दिए जाने का आदेश जारी कर दिया है।
एनएच-731 से टोडरपुर ब्लॉक कार्यालय होते हुए उमरौलिए, तारागांव, कैमी और अंत्योरा होते हुए शाहाबाद-पिहानी मार्ग से जुड़ने से करीब एक लाख से अधिक लोगों को आवागमन में आसानी होगी। दूसरी किस्त मिलने से काम में तेजी आने की उम्मीद है।
ब्लॉक कार्यालय को दो लेने से जोड़ने का काम कराया जा रहा है। दूसरी किस्त में रुपये विभाग को मिलने की जानकारी मिली है। दो करोड़ रुपये मिलने से काम में और तेजी आएगी। काम समय से ही पूरा कराने का प्रयास है। -मनिंदर सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी