देहात कोतवाली क्षेत्र में गुजरात की एक कंपनी के नाम
पर नकली कीटनाशक तैयार कर बेचने वाले के घर पर पुलिस ने छापामार कर सवा दो
लाख रुपये की नकली कीटनाशक दवा बरामद कर एक को धर दबोचा। पुलिस ने रिपोर्ट
दर्जकर आरोपी को जेल भेज दिया।
गुजरात की टू प्वाइंट कीटनाशक कंपनी की
सप्लाई प्रदेश के कई जिलों में है। पिछले कुछ माह से जिले में आने वाली
सप्लाई मेें लगातार गिरावट आने पर कंपनी के अफसर चौकन्ने हो गए और रामनरेश
ओझा को जिले में जांच को भेजा। उन्होंने कीटनाशक विक्रेता से मुलाकात कर
मामले की तह तक जाने की कोशिश की।
जब सबूत पुख्ता हुए तो वह बुधवार को
एएसपी पूर्वी बीसी दुबे से मिले और उन्हेें जानकारी देते हुए कहा कि देहात
कोतवाली क्षेत्र में कंपनी के नाम से नकली कीटनाशक दवा की शीशियां तैयार कर
बाजार में बेंची जा रही हैं।
एएसपी के निर्देश पर देहात कोतवाल परशुराम
सिंह ने दारोगा अरविंद राणा और दिलीप सिंह के साथ गुरुवार को पेनीपुरवा के
सुरेश सरदार के घर पर छापा मारा। छापामारी के दौरान उसके घर से 1176 शीशी
नकली कीटनाशक बरामद हुई। जिसको 188 प्रति शीशी की दर से बेचा जाता था।
इसके
साथ ही उसे यहां पर दिल्ली की कंपनी के रैपर भी मिले। पुलिस ने सुरेश को
मौके पर धर दबोचा और बरामद माल को जब्त कर लिया। ओझा की तहरीर पर पुलिस ने
रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।