जाम लगाए ग्रामीणों को समझाते अधिकारी ।
- फोटो : अमर उजाला
मझिला थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहाबाद पिहानी मार्ग पर ग्राम आंझी के निकट ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पिहानी-हरदोई मार्ग पर जाम लगा दिया।
ग्राम सिकंदरपुर नगरा निवासी ओमकार (40) पुत्र खेमकरन पंचायतराज विभाग में सफाई कर्मी था। इन दिनों उसकी तैनाती टोडरपुर विकास खंड के ग्राम आंझी में थी। बुधवार शाम वह ड्यूटी करने के बाद बाइक से गांव सिकंदरपुर नगरा जा रहा था। पिहानी-शाहाबाद मार्ग पर आंझी के निकट गन्ना लदे ट्रक ने उसे रौंद दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आंझी व आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। एसडीएम शाहाबाद ओपी गुप्ता, सीओ शाहाबाद एसएन सिंह, शाहाबाद कोतवाल उमाशंकर उत्तम और मझिला थानाध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। काफी समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
ओवरलोड ट्रक बने वजह
शाहाबाद से पिहानी जाने वाले मार्ग पर ही डीएससीएल ग्रुप की चीनी मिल लोनी में है। इन दिनों गन्ने की सप्लाई चीनी मिल में हो रही है। विभिन्न क्रय केंद्रों पर खरीदा जाने वाला गन्ना ट्रकों से भरकर चीनी मिल भेजा जाता है। मुनाफे के चक्कर में ट्रक ओवरलोड हो जाते हैं जो हादसे की वजह बनते हैं।