सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगी भीड़ ।
- फोटो : अमर उजाला
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बिल्हौर कटरा हाईवे पर कटियारी डिग्री कालेज के निकट बाइक सवार तीन लोग खड़े डीसीएम से टकरा गए। एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। मृतक क्षेत्र पंचायत सदस्य था। पुलिस ने डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया है।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बंासी निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य अखिलेश (37) गांव के ही श्याम बिहारी (52) और माधवराम (35) के साथ हरपालपुर बाजार से वापस अपने गांव बाइक से जा रहे थे। कटियारी डिग्री कालेज के निकट बिल्हौर कटरा हाईवे पर सड़क पर खड़े डीसीएम से उनकी बाइक टकरा गई। घटना में तीनों बाइक सवार घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस मंगाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर भेज दिया। यहां चिकित्सक ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि श्याम बिहारी और माधवराम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौत की जानकारी मिलते ही इलाके के गणमान्य लोगाें की भीड़ सीएचसी में लग गई। हरपालपुर के प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र नाथ शुक्ल ने बताया कि डीसीएम चालक को वाहन समेत हिरासत में ले लिया गया है।