हरियावां (हरदोई)। बीती 18 मार्च को हरिद्वार से वापस गांव आए एक युवक का शव शुक्रवार सुबह मझिगवां गांव के पास नहर किनारे एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
तलाशी के दौरान शव के पास से दो सुसाइड नोट मिले हैं। इनमें लखीमपुर खीरी निवासी शख्स द्वारा अप्राकृतिक संबंध बनाए जाने के बाद ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर खुदकुशी किए जाने का उल्लेख है।
हरियावां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक (24) पिछले आठ साल से हरिद्वार में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। 18 मार्च की सुबह वह वापस गांव आया था। उसने परिजनों को होली मनाने के लिए गांव आने की बात कही थी। बृहस्पतिवार की रात वह किसी को बताए बिना घर से निकल गया।
शुक्रवार सुबह घर से लगभग 300 मीटर दूर नहर किनारे एक पेड़ पर रस्सी के फंदे से युवक का शव लटका मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव उतार लिया और शव घर ले गए। इसके बाद जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो दो सुसाइड नोट मिले। एसपी केसी गोस्वामी ने बताया कि परिजनों से तहरीर देने के लिए कहा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हर माह आधी तनख्वाह ले लेता था, मांग रहा था पांच लाख
सुसाइड नोटों में लिखा है कि लखीमपुर खीरी निवासी एक शख्स पिछले दो साल से हरिद्वार में उसके साथ रह रहा है। उस शख्स ने उसके साथ संबंध बना लिए। इसकी आड़ में ब्लैकमेलिंग कर हर माह आधी तनख्वाह ले लेता था। सुसाइड नोट के अनुसार पिछले कुछ दिनों से वह शख्स पांच लाख रुपये की मांग भी कर रहा था।
आधार कार्ड के जरिए पुलिस ने शुरू की तलाश
युवक के शव के पास से सुसाइड नोट के साथ ही एक शख्स का आधार कार्ड भी मिला है। मृतक के परिजनों का कहना है कि आधार कार्ड उसी शख्स का है, जिससे परेशान होकर युवक ने खुदकुशी की है। इसी आधार कार्ड पर दर्ज पते के जरिए पुलिस ने तलाश भी शुरू की है। सुसाइड नोट में इस बात का भी उल्लेख है कि लखीमपुर खीरी निवासी शख्स कई युवकों को इसी तरह ब्लैक मेल कर चुका है। परिजनों को मृतक के मोबाइल से कुछ रिकॉर्डिंग्स भी मिली हैं।