फोटो-14- सात जुलाई के अंक में प्रकाशित खबर।
हरदोई/टड़ियावां। गोपामऊ से पिसावां क्षतिग्रस्त सड़क की मंगलवार को तस्वीर बदल गई। लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों ने करीब तीन किलोमीटर सड़क के 30 कट और गड्ढों को बजरी और डामर से भरवा दिया है। क्षतिग्रस्त सड़क के दुरुस्त होने से राहगीरों को आवागमन में आसानी हो गई है।
गोपामऊ से पिसावां सड़क जिले की सीमा में करीब चार किलोमीटर लंबाई में आती है। इसमें से तीन किलोमीटर लंबाई की सड़क में करीब 30 से अधिक कट और गड्ढे थे। इससे दो पहिया और चार पहिया वाहन चालकों और सवारियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वहीं मंगलवार को ही इसी सड़क से जुड़े गांव बाबूपुर कचनारी में एक कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन मंत्री सहित जिले के जनप्रतिनिधियों को आना था।
अमर उजाला ने तीन किलोमीटर सड़क पर 30 से अधिक कट और गड्ढे से जुड़ी खबर को सात जुलाई के अंक में ‘तीन किमी सड़क पर 30 गड्ढे, इससे जाएंगे पर्यटन मंत्री’ शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों ने संज्ञान लिया। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने मंगलवार सुबह गोपामऊ से पिसावां सड़क के कट और गड्ढों को बजरी और डामर से भरवाना शुरू कराया।
बताया कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही सड़क की तस्वीर बदल गई है। इससे इस सड़क पर जिले की सीमा में गोपामऊनगर के साथ ही बाबूपुर, कचनारी, अरबापुर, जियनपुरवा, गजोधरपुर, कछेलिया, सरंगापुर, मरदाननगर, अलीनगर, लालपुर और रहीमपुर आदि गांवों के लोगों को आवागमन में आसानी हो गई है। अधिशासी अभियंता मुरलीधर गंगवार ने बताया कि काम करा दिया गया है।