- रेलवे ने यात्रा से पहले जानकारी करने की दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। पंजाब में एमएसपी पर कानून की मांग को लेकर किसानों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। किसानों ने अपने प्रदर्शन में रेल ट्रैक को भी प्रभावित कर दिया। इस कारण से पंजाब से आने वाली कई ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं या उनके समय में परिवर्तन करके चलाया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने ट्रेनें प्रभावित होने के मामले में यात्रियों से यात्रा करने से पहले ट्रेन की जानकारी करने की सलाह दी है।
रेलवे एक तो पहले से ही ट्रेनें रदद् किए है और बालामऊ स्टेशन पर नई पटरियां बिछाए जाने से भी मंडल अधिकारियों ने अन्य ट्रेनें भी निरस्त कर रखी हैं। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। वहीं जो ट्रेनें संचालित हैं वह भी किसी न किसी कारण से प्रभावित हो रहीं हैं। अब पंजाब में किसानों ने एमएसपी पर कानून समेत 13 मांगों को लेकर आंदोलन कर दिया है। किसानों ने रेल ट्रैक भी बंद कर रखा है। इस वजह से पंजाब से होकर आने वाली 13007-08 किसान एक्सप्रेस और 13005-06 पंजाब मेल ट्रेन का संचालन प्रभावित होने की रेल अधिकारियों ने आशंका व्यक्त की है। मंडल वरिष्ठ रेल प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने ट्रेनें देरी से संचालित होने की बात कहते हुए यात्रा से पहले ट्रेन की जानकारी करने की सलाह दी है।