हरदोई। शहर में अमृत योजना के तहत पाइप लाइन डाले जाने के लिए रविवार को शहर में नुमाइश चौराहा के निकट सड़क किनारे मशीन से खुदाई का कार्य कराया गया। इसके चलते आवागमन में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। नुमाइश चौराहा पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंचे यातायात व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों ने किसी तरह वाहनों का आवागमन दुरुस्त कराया।
अमृत योजना के अंतर्गत हर घर में पाइप लाइन से पेयजल की आपूर्ति किए जाने की कवायद जलनिगम कर रहा है। इसी क्रम में अब मुख्य मार्गों के किनारे भूमिगत पाइप लाइन डाली जा रही है। शहर में अलग-अलग स्थानों पर पाइप लाइन को दूसरी पाइप लाइन से जोड़ने के लिए क्रास भी डाले जा रहे हैं। रविवार को नुमाइश चौराहा पर स्थित मंदिर के सामने की तरफ पाइप लाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई की गई। खुदाई के बारे में पूर्व सूचना न होने के कारण यहां यातायात व्यवस्था धड़ाम हो गई।
नुमाइश मेले और रविवार के चलते अधिक भीड़ भी थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण इलाकों से भी वाहन आए हुए थे। नतीजा यह हुआ कि नुमाइश चौराहा व इसके आसपास के इलाके में यातायात व्यवस्था ठप हो गई। बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंसे रहे। जाम लगने का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा। जाम में फंसे वाहनों को निकलवाने की कवायद पुलिस के अलावा स्थानीय लोग भी करते नजर आए।