नगर में ताबड़तोड़ लूट और चोरी की घटनाओं से आजिज आए व्यापारियों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। उन्होंने नगर की दुकानों में तालाबंदी कर मुख्य मार्ग पर जुलूस निकाला और नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव कर लिया।
वहां मौजूद अफसरों को चेतावनी दी कि मंगलवार को सराफा व्यवसायी से 50 लाख के जेवरात व नगदी लूट के आरोपियोें को जब तक गिरफ्तार नहीं किया जाएगा तब तक दुकानें नहीं खोलेंगे।
क्षेत्राधिकारी विजय त्रिपाठी ने उन्हें समझा-बुझाकर शंात किया। भरोसा दिया कि टीमेें लगा दी गई हैं, दो दिन के अंदर घटना का खुलासा करने की कोशिश कर रहे हैं। सीओ के आश्वासन पर व्यापारी ज्ञापन देकर लौट गए।
थाना क्षेत्र के मंगलादेवी मुख्य मार्ग स्थित सराफे की दुकान बंद कर घर जा रहे मुकेश गुप्ता से मंगलवार की शाम करीब 6 बजे चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर करीब 50 लाख के जेवरात व 50 हजार रुपये से भरा थैला लूट लिया था। घटना के विरोध में व्यापारियों ने मंगलवार को भी बाजार बंद किया था।
इसके बाद भी पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी। इससे गुस्साए सराफा, कपड़ा, गल्ला व किराना व्यापारियों ने बुधवार को अपनी अपनी दुकानों में तालाबंदी कर दी और बड़ी संख्या में मुकेश गुप्ता की दुकान के सामने आ गए। यहां से पूर्वान्ह करीब 11 बजे सभी व्यापारी नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे।
उन्होंने थाने में मौजूद सीओ से कहा कि लगातार लूट व चोरी की घटनाएं हो रही हैं। कार्रवाई न होने से अपराधियों का दुस्साहस बढ़ रहा है। इसी से उन्होंने सराफा व्यवसायी को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात कर डाली। घटना का खुलासा होने तक वे शांत नहीं बैठेंगे। व्यापारियों के तेवर देख सीओ ने कहा कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
उम्मीद है कि दो दिन में इसका खुलासा हो जाएगा। इस दौरान चेयरमैन पति रामजी गुप्ता, पूर्व चेयरमैन/सपा नेता दिनेश चंद्र गुप्ता, सराफा मंडी अध्यक्ष अजय रस्तोगी उर्फ मंगा, शील गुप्ता, कपड़ा व्यापारी आनंद मिश्रा, इकबाल अहमद, किराना व्यापारी उमा शंकर शर्मा, राजकिशोर शर्मा, गल्ला व्यापारी विवेक गुप्ता, बर्तन व्यापारी रवि गुप्ता, विजय रस्तोगी, तनू देवल, चांद गुप्ता, लालजी गुप्ता समेत तीन सैक ड़ा व्यापारी मौजूद रहे।
लूट का खुलासा न होने से गुस्साए व्यापारियों ने बुधवार को नगर के इंदिरा पार्क में बैठक की। इसमें निर्णय लिया गया कि जब तक पुलिस घटना का खुलासा कर बदमाशों को गिरफ्तार नहीं करेगी तब तक बाजार बंदी जारी रहेगी। इतना ही नहीं गुरुवार से थाने के सामने धरना-प्रदर्शन का भी ऐलान कर दिया गया। यह पहला मौका है जब व्यापार मंडल के सभी गुट लामबंद नजर आ रहे हैं।