फोटो-24- घटनास्थल पर मृतक के रोते-बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरपालपुर । कोतवाली क्षेत्र में बड़ागांव मार्ग पर गुरुवार की दोपहर घूरा लदी ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से किसान की दबकर मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर से कूदकर भाग गया। राहगीरों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे शव को बाहर निकाला। परिजनों के आने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर की रफ्तार के कारण हादसा हुआ।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मंगलीपुरवा निवासी मदनपाल (53) खेती करता था। गुरुवार दोपहर वह गांव निवासी शेर सिंह की ट्रैक्टर-ट्राली से धर्मपुर गांव से घूरा लादकर जा रहा था। हरपालपुर-बड़ागांव मार्ग पर देउसीपुर गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। मदनपाल गिरकर ट्रैक्टर के नीचे दब गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
हादसा देखकर राहगीरों में भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर तेज गति से होने की वजह से हादसा हुआ है। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। परिजन भी मौके पर आ गए। परिजनों ने बताया कि आलू की फसल के लिए मदनपाल घूरा खरीदकर कर ले जा रहा था। परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे, पांच बेटियां हैं। प्रभारी निरीक्षक राघवन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।