जलपीपुर -मानीमऊ मार्ग पर बाढ़ के कारण हुए इस गड्ढे (खर्रा) में फंसकर पलटा था ट्रैक्टर। संवाद
- फोटो : HARDOI
सांडी। गर्रा नदी में आई बाढ़ के बाद पानी उतरने के साथ ही सड़क में हुआ गड्ढा ट्रैक्टर सवार किसान के लिए जानलेवा साबित हुआ। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम मानीमऊ के पास ट्रैक्टर गड्ढे में फंसकर पलट गया। इसमें दबकर किसान की मौत हो गई।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम मानीमऊ निवासी रामफेरे (42) ने पड़ोस के गांव जलपीपुर निवासी छैलबिहारी का खेत बटाई पर लिया था। मंगलवार शाम वह गांव के श्रीचंद्र के ट्रैक्टर से खेत जुतवाने जा रहा था। गर्रा नदी के किनारे स्थित जलपीपुर-मानीमऊ मार्ग पर बाढ़ के बाद गहरे गड्ढे गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में ही फंसकर ट्रैक्टर पलट गया।
ट्रैक्टर के नीचे दबकर रामफेरे की मौके पर ही मौत हो गई। चालक गोविंद ने ट्रैक्टर से कूदकर जान बचाई। हादसे की सूचना पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मृतक के परिवार में पत्नी राजेश्वरी व दो बेटे और तीन बेटियां हैं। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक गंगा प्रसाद यादव ने बताया कि हादसे की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।