गांधी भवन में तैयारियों का जायजा लेते एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल व एएसपी पूर्वी बीसी दुबे व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। गांधी भवन में रविवार को आप और हम के तत्वावधान में होने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों को गवर्नर राम नाईक सम्मानित करेंगे। उनके आगमन की तैयारियों का आला अधिकारी जायजा लेते देखे गए। सांसद अंशुल वर्मा ने भी गांधी भवन पहुंच कर व्यवस्थाएं देखी।
गवर्नर राजभवन से हेलीकाप्टर से दोपहर 2:50 बजे पर पुलिस लाइन के हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वह 2:55 बजे गांधी भवन पहुंचेंगे। वह गांधी भवन में आयोजित कार्यक्रम में सवा चार बजे तक रहेंगे। इसके बाद वह राजभवन के लिए रवाना हो जाएंगे।
उधर, गांधी भवन परिसर में विशेष रूप से निर्मित पंडाल में मुख्य मंच के अतिरिक्त स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों के लिए विशेष मंच तैयार किया गया है। जिस पर जिले के तीन जीवित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के साथ 34 अमर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य मंच एवं स्वतंत्रता सेनानियों के मंच के अतिरिक्त एक तीसरा मंच भी बनाया गया है। जिसके माध्यम से मंचीय संचालन व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम व उद्बोधन होंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य रामनरेश रावत भी मौजूद रहेंगे।
शनिवार को गांधी मैदान में एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक पूर्वी बीसी दुबे ने भी जायजा लिया। इसके अलावा सांसद अंशुल वर्मा ने भी कार्यक्रम स्थल पर जाकर वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर मंच अध्यक्ष सर्वाधार सिंह, संयोजक कमलेश पाठक, विधयक श्याम प्रकाश, अरूणेश बाजपेई, सुनील शुक्ला, महेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।