फोटो-25-रामदेई। फाइल फोटो
- कासिमपुर थाना क्षेत्र के अलावलपुर में हुई घटना
- दो लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बेहंदर। कासिमपुर थाना क्षेत्र के अलावलपुर में शराब के नशे में गाली गलौज करने से रोकने पर दो लोगों ने वृद्धा को उसकी बेटी और नातिन समेत पीट दिया। गंभीर रूप से घायल वृद्धा की उपचार के दौरान सोमवार को एक प्राइवेट अस्पताल में मौत हो गई। मृतका के दामाद की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
अलावलपुर निवासी सुशील कुमार खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार की शाम उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी अपने मकान के दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान गांव निवासी मुकेश और मेवालाल शराब के नशे में वहां आ गए। आरोपी गालियां देने लगे। लक्ष्मी ने इसका विरोध किया तो इन लोगों ने लक्ष्मी की पिटाई कर दी। शोर सुनकर निकली लक्ष्मी की मां रामदेई (70) और बेटी पूजा पर भी आरोपियों ने लाठी से हमला कर दिया। घटना में रामदेई गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। यहां सोमवार सुबह दस बजे उपचार के दौरान रामदेई ने दम तोड़ दिया। इसका पता चलने पर पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका के परिवार में विवाहित पुत्री लक्ष्मी है। प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम ने बताया कि मृतका के दामाद की शिकायत पर पुलिस ने मुकेश और मेवालाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।