बिल्हौर-कटरा मार्ग पर मल्लावां कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गौरी चौराहा के निकट एक बाइक पर सवार तीन दोस्तों को एक वाहन ने कुचल दिया। घटना के बाद बाइक वाहन में फंसकर लगभग 200 मीटर तक घसिटती चली गई। इस दौरान बाइक में आग लग गई।
पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी मल्लावां भेजा, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो दोस्तों की मौत भी जिला अस्पताल ले जाते वक्त हो गई। गुरुवार को पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। सूत्रों के अनुसार तीनों की मौत सिर पर चोट लगने से हुई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
मल्लावां नगरपालिका गेट निवासी अंकित मिश्रा (21) पुत्र पिंटू मिश्रा, मल्लावां कस्बे के मोहल्ला बांधाटोला गंगारामपुर निवासी सनी शर्मा (22) पुत्र रामौतार और सगरा गंगारामपुर निवासी अजय कुमार (22) पुत्र जगदीश प्रसाद बुधवार की रात एक बाइक पर सवार होकर एक दोस्त की बीमार दादी को देखने की बात कहकर घर से गंजमुरादाबाद के लिए निकले थे।
बाइक अंकित चला रहा था। रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे वहां से वापस आते समय बिल्हौर कटरा मार्ग पर गौरी चौराहा के निकट एक वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना के बाद बाइक टक्कर मारने वाले वाहन में ही फंस गई और 200 मीटर दूर तक घसिटती चली गई।
इसके बाद बाइक में आग लग गई। सड़क पर बाइक जलती देख और कुछ दूर आगे चलने पर तीन युवकों को पड़ा देख राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी। कोतवाल शिवशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां भेजा।
यहां सनी को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अंकित और अजय की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो गई। घटना से तीनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने गुरुवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
अंकित की फाइल फोटो।- फोटो : HARDOI
सनी की फाइल फोटो।- फोटो : HARDOI