हरदोई। भरपूर गश्त के पुलिस के दावों को चोर रोज चुनौती दे रहे हैं। मंगलवार की रात चोरों ने शहर की तीन दुकानों को निशाना बना लिया। यहां से चोर नकदी और मशीनें ले गए।
शहर के गिप्सनगंज में ओवरब्रिज के नीचे लकड़ी बाजार है। मंगलवार रात चोरों ने यहां गिप्सनगंज निवासी तारिक, आजम और हाजी अमीर अहमद की दुकानों को निशाना बना लिया। तारिक ने बताया कि जब वह बुधवार की सुबह दुकान खोलने आए तो दुकान का ताला लगा था, लेकिन जब अंदर गए तो हाथ वाली दो रंदा मशीन, दो ग्लेंडर मशीन, दो ड्रिल मशीन, दो कटर गायब मिले। तारिक ने बताया कि चोर लकड़ी के गेट और लिंटर के बीच में खाली जगह से अंदर घुसे हैं। सात मशीन और एक कटर की कीमत 30 हजार रुपये है। आजम ने बताया कि चोर दुकान का लकड़ी के गेट का एक पटरा निकालकर अंदर घुस गए।
चोर इलेक्ट्रॉनिक कांटा, इमरजेंंसी लाइट, लोहे के सात तसले और पांच हथौड़ी अपने साथ ले गए हैं। आजम दुकान के सामने पुड़िया भी बेचते हैं। चोर पुड़िया के पैकेट भरी बोरी भी ले गए। चोर पांच हजार रुपये और 14 हजार रुपये का सामान अपने साथ ले गए। हाजी अमीर अहमद ने बताया कि चोर दुकान में गेट के ऊपर खाली जगह से घुसे। चोर दो ग्लेंडर मशीन, रंदा मशीन, एक पंखा ले गए। यहां से चोर सात हजार रुपये कीमत का सामान ले गए। दुकानदार तारिक ने तीनों दुकानों में चोरी की तहरीर दी है। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जल्द चोरों की गिरफ्तारी की जाएगी।
शाहपुर वासुदेय में चोरी, नलकूप की कोठरी में आठ कारतूस छोड़ गए चोर
माधौगंज। माधौगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर वासुदेव निवासी प्रवीण पाल खेती करते हैं। उनके मकान में ही भाई पवन पाल का भी कमरा है। पवन दिल्ली में काम करते हैं। पवन के कमरे का ताला तोड़कर उनकी सेफ का ताला भी तोड़ दिया। वहां से दो जोड़ी चांदी की पायल, कान के सुईधागा और मां रोशनी के चार हजार रुपये उठा ले गए। इसके बाद चोरों ने गंगा एक्सप्रेस-वे के पास रामबक्श यादव के खेत में बनी नलकूप की कोठरी का ताला तोड़ दिया। यहां चोर रायफल के आठ कारतूस और पेटी छोड़ गए। बुधवार सुबह खेत पर गए रामबक्श को इसका पता चला तो जानकारी पुलिस को दी। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बतायाकि घटना संज्ञान में है। कारतूस पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं।