पिहानी। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर सरैंया गांव में एक शख्स का आधार कार्ड एडिट करने का मामला सामने आया है। जांच में इसकी पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ फर्जीवाड़ा करने और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। न्यायालय में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है।
महमूदपुर सरैंया निवासी हसन अब्बास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि सरैंया निवासी शाहिद अब्बास जैदी ने उसके आधार कार्ड को एडिट कर अफरोज अली के नाम से बना दिया। इसमें उसने पता भी सीतापुर जनपद के महोली का दिखाया। तहरीर में बताया कि इसी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर खुद को जरूरतमंद बताते हुए इधर-उधर लोगों से रुपये ऐठता है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
सीओ अजीत चौहान ने बताया कि जहानीखेड़ा चौकी प्रभारी कैलाश यादव के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने बुधवार सुबह शाहिद अब्बास जैदी को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई। सीओ के मुताबिक हसन अब्बास के आधार कार्ड को एडिट कर फर्जीवाड़ा किया गया है। यह मामला मूल्यवान प्रतिभूति यानी वैल्युएबल सिक्योरिटी से भी जुड़ा है। कूटरचित दस्तावेज बनाए जाने के आरोप में फजीवाड़े की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इस कांड से शाहिद अब्बास ने कोई आर्थिक लाभ अर्जित किया है या नहीं। इसकी जांच अभी चल रही है।